अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ ज्ञानपुर के महेंद्र कटरा में प्रदर्शन करते नागरिक।
जिले में अंधाधुंध हो रही बिजली कटौती के विरोध में शनिवार को नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने ज्ञानपुर में प्रदर्शन कर बिजली आपूर्ति को सुधारने की मांग की। कहा कि विभाग की लापरवाही के चलते जिले में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। इससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। सुबह-शाम बिजली की मनमानी कटौती से मुश्किलें बढ़ गईं हैं। जिला मुख्यालय पर 24 घंटे बिजली की आपूर्ति के आदेश के बावजूद यहां बमुश्किल आठ से 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। समाजसेवी कोको दुबे के नेतृत्व में शनिवार को नागरिकों ने ज्ञानपुर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिले में बिजली का हाल बेहद खराब है।
जिला मुख्यालय पर भी रात में घंटों तक बिजली की कटौती हो रही है। दिन में बमुश्किल दो-तीन घंटे बिजली मिल रही है। शनिवार को सुबह से लेकर शाम तक तकरीबन छह घंटे तक बिजली गुल रही। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि बिजली आपूर्ति अविलंब न सुधरी तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों सिद्धार्थ दुबे, अमरेश, अवनीश, अशोक उपाध्याय, सुमित, अजय, मुकेश, सुुधांशु, सुषमा आदि शामिल रहे।