ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के बैराखास (वंशीपुर) गांव में शनिवार की रात पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। सुबह खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी रामबदन सिंह समेत अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी संग दो अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
असनांव से सटे मर्चवार गांव निवासी राजितलाल उर्फ पंडित सरोज (32) पुत्र लक्ष्मी नारायण सरोज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बैराखास के वंशीपुर गांव में पाही बनाकर रहता था। रविवार की सुबह कमरे सेे रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो अवाक रह गए। पंडित सरोज का शव खाट पर पड़ा था। यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। एसपी रामबदन सिंह, एएसपी रविंद्र वर्मा, सीओ कालू सिंह समेत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर जांच के लिए फोरेंसिक और डाग स्क्वायड टीम भी पहुंची। मृतक के पिता लक्ष्मी नारायण ने बहू पर ही प्रेमी संग मिलकर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। कहा कि उसकी बहू का पहले से ही कुछ लोगों से संबंध चल रहे है। विरोध करने पर वह पति के साथ मर्चवार से वंशीपुर आकर रहने लगी। जिससे यहां उस पर कोई रोकटोक नहीं होता। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी सीता देवी और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने सीता को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। चर्चा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। 20 दिन पूर्व पत्नी ने पति के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया था, जिससे वह अचेत हो गया था। घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक को दो बेटे अमन और गुड्डू जबकि एक बेटी अमृता है। एसपी रामबदन सिंह ने कहा कि हत्या प्रेम-प्रपंच में हुई है। पिता की तहरीर पर पत्नी समेत दो अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसपी ने बताया कि मृतक के गले में चोट का निशान होने से गला दबाने जैसी स्थिति दिख रही थी।
पत्नी का सोलह श्रृंगार बना चर्चा का विषय
ज्ञानपुर। वंशीपुर गांव में पंडित सरोज की हत्या के समय उसकी पत्नी सोलह श्रृंगार में बैठकर रो रही थी। यह देख आसपास के लोगों के साथ ही पुलिस का भी माथा ठनका। मृतक के पिता ने जब एक-एक कर सभी बातें बताई तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। इससे पुलिस को कार्रवाई करने में भी आसानी हुई।