जिला अस्पताल ज्ञानपुर में कोरोना संक्रमित मरीज के उपचार की जानकारी देते डब्ल्यूएचओ के जोनल कोआर
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। जिला अस्पताल ज्ञानपुर और महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल भदोही में बने आईसोलेशन वार्ड का रविवार को डब्ल्यूएचओ के जोनल कोआर्डिनेटर डॉ. पंकज सिंह ने मुआयना किया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमित मरीज के उपचार की बारीकियों को समझाया। कोरोना वायरस संक्रमण के रोकथाम को लेकर शासन से लेकर प्रशासन की ओर से हर संभव कदम उठाया जा रहा है। शासन के निर्देश पर सरकारी और निजी अस्पतालों में आईसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। भले ही अब तक कोई संक्रमित मरीज नहीं मिला लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। रविवार को दोपहर दो बजे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लयूएचओ) के जोनल कोआर्डिनेटर डॉ. पंकज सिंह जिला अस्पताल ज्ञानपुर पहुंचे। उन्होंने वार्ड की गहनता से पड़ताल किया। उसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमित मरीज के उपचार का रिहर्सल कराया। बताया कि किस तरीके से कीट लगाकर मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसके बाद वह एमबीएस अस्पताल भदोही चले गए। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को दूरी बनाकर ही खत्म किया जा सकता है। चीन जैसे देश को भी लाकडाउन की स्थिति अपनानी पड़ी। इसलिए लोगों से अधिक मिलने से दूरी बनाएं। उनके साथ डीएम राजेंद्र प्रसाद, सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह, सीएमएस डॉ. जीलाल, फार्मासिस्ट एचके त्रिपाठी आदि रहे।