पीडीडीयू नगर। मुगलसराय के सुभाष नगर निवासी नवल किशोर ने घर से मिले रुपये खर्च कर दिये तो उसने खुद के साथ लूट की कहानी गढ़ दी। डायल 112 पुलिस से शिकायत की। पुलिस युवक को कोतवाली में लाकर घटना के बारे में पूछताछ शुरू की तो वह घबरा गया। इसके बाद युवक ने लूट की कहानी का सच पुलिस को बताया। पुलिस ने युवक को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि 20 अप्रैल की रात 12 बजे पीडीडीयू नगर स्थित बस स्टैंड के पास चाय की दुकान पर खड़े होकर डायल 112 पुलिस को 17 हजार रुपये की लूट की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची पूछताछ के बाद युवक को थाने लेकर आई। पूछताछ के दौरान युवक ने कई बार अपना बयान बदला। इस पर पुलिस को शक हुआ। फिर कड़ाई से पूछताछ की तो युवक ने बताया कि घर से मिले रुपये उससे खर्च हो गये थे। घर वालों की डांट से बचने के लिए उसने लूट की कहानी रच दी। लूट की झूठी सूचना देने के आरोप में युवक को जेल भेज दिया गया है।