ज्ञानपुर। खरीफ की प्रमुख फसल धान की कटाई-मड़ाई शुरू हो चुकी है। साथ ही रबी अभियान की प्रमुख गेहूं सहित चना, मटर, जौ, राई और तोरिया की बोआई की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। विभागीय स्तर से 47 हजार 535 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं, जबकि कुल 50340 हेक्टेयर में विभिन्न फसल की बोआई कराने का लक्ष्य तय किया गया है। किसान बोआई के लिए खेतों की तैयारी से लेकर खाद-बीज आदि का जुगाड़ करने में जुट चुके हैं।
जिले में कुल दो लाख 26 हजार किसान पंजीकृत हैं। करीब 75 से 80 हजार हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि है। इससे कृषि विभाग की ओर से खरीफ और रबी के सीजन में फसलों का रकबा तय किया जाता है। साल 2022-23 में रबी की बुआई का रकबा भी तय हो चुका है। इस साल 50 हजार 340 हेक्टेयर रकबे में रबी की खेती होनी है। इसमें 47 हजार 535 हेक्टेयर में गेहूं और करीब तीन हजार हेक्टेयर में चना, मटर और सरसों की खेती होगी। खेती का लक्ष्य पूरा हो सके, इसके लिए विभाग भी तैयारी कर चुका है। विभाग ने प्राथमिकता के तौर पर गेहूं, चना, मटर और सरसों का बीज मंगा लिया है।
जिला कृषि अधिकारी अशोक प्रजापति ने बताया कि निर्धारित किए गए लक्ष्य में से 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में चना चना 756 हेक्टेयर, मटर 1325 हेक्टेयर, तोरिया 253 हेक्टेयर और सरसों 153 हेक्टेयर में बोई जाएगी। पिछले वर्ष गेहूं का रकबा 47 हजार 845 हेक्टेयर रहा, जो 300 हेक्टेयर घट गया है। बताया कि गेहूं सहित सरसों बीज की उपलब्धता जल्द ही राजकीय बीज भंडारों पर सुनिश्चित हो जाएगी।