अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को जिले भर में सुबह एक घंटे तक योग की कक्षाएं चलीं। क्या बूढ़े, क्या बच्चेे और क्या महिलाएं सबने बढ़-चढ़कर योग शिविर में हिस्सा लिया। अलग-अलग मुद्राओं में लोगों ने योग कर शरीर को स्वस्थ रखने का संकल्प लिया।
नेहरू युवा केंद्र की ओर से विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज मैदान में आयोजित योग शिविर में सैकड़ो की संख्या में लोग शामिल हुए और स्वस्थ रहने का संकल्प लिया।
सांसद विरेंद्र सिंह ने कहा कि शरीर, मन, आत्मा और प्रकृति का मेल ही योग है। उन्होंने ज्ञान सरोवर के समीप एक योग केंद्र की स्थापना सांसद निधि से करने की घोषणा की। पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडेय ने कहा कि जिले के गांव-गांव में योग के माहौल को बनाने की जरूरत है। पूर्व विधायक पूर्णमासी पंकज, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक राजकुमार पाठक, समर बहादुर सिंह, कैलाश पाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
देवनाथपुर में कौशल विकास मिशन के विजयशंकर मौर्य की अध्यक्षता में योग दिवस मनाया गया। इस मौके पर केनरा बैंक के प्रबंधक नागेंद्र कुमार चौबे, अली मिर्जा बेग, राजकुमार मौर्य, अर्चना मौर्य सहित कई लोग मौजूद रहे। अखिल विश्व गायत्री परिवार और प्रज्ञा स्वावलंबन सेवा समिति की ओर से औराई में योग दिवस मनाया गया।
सारीपुर स्थित साईं आश्रम में योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसका संचालन ओबीटी कम्पनी के कारखाना प्रबंधक श्री आईबी सिंह ने किया।
कारखाना प्रबंधक ने बताया कि योग की परम्परा सदियों पुरानी है परन्तु इसका महत्व पूरी दुनिया में आज मनाये जाने वाले योग दिवस के रूप में हुआ है। कहा कि सभी समुदाय के लोग अपनी उम्र एवं क्षमता के हिसाब से अलग-अलग तरीके से योग को कर सकते हैं।
इस दौरान अनुलोम-विलोम, कपाल भाति, भ्रामरी, बज्रासन, शिर्षासन आदि योग मुद्राओं का प्रदर्शन कर उन्हें प्रशिक्षित किया और उसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर आलोक कुमार राय, विनोद पाण्डेय, विवेक कुमार, संजय मिश्रा आदि मौजूद रहे। योग के दौरान सभी में गजब का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इसी तरह सनबीम डालिम्स स्कूल, वुडवर्ड स्कूल में भी योग शिविर का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।