सुबह के समय आसमान में छाया बादल। संवाद
ज्ञानपुर। लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को दिन की शुरूआत चटख धूप से हुई। हालांकि, दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। लगभग 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चल रहीं थीं। शाम होते-होते फिर से गलन बढ़ गई। बताया कि आने वाले सात दिनों तक तीन पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय रहेंगे। इससे मौसम में बदलाव होने की संभावना है। 23 और 24 जनवरी को बारिश होने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोम के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश की संभावना बनी है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण उत्तरी पंजाब और आस-पास के क्षेत्रों में पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आस-पास के क्षेत्रों में नवीन पश्चिमी विक्षोभ देखा जा रहा है। इस कारण 23 और 24 जनवरी को अरब सागर से उत्तर-पश्चिम भारत में हवा के जरिए ज्यादा नमी आएगी। इसका प्रभाव पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा।