सुरियावां नगर में सड़क पर लगा बरसात का पानी। संवाद
नगर पंचायत सुरियावा में 22 लाख रुपये की लागत से हो रहे इंटरलॉकिंग कार्य के बावजूद सड़क की पटरी पर जगह-जगह जलभराव हो रहा है।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने निर्माण कार्य करने वाली कार्यदायी संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
नगर में अटल चौराहा से गल्लामंडी होते हुए त्रिमुहानी तक सड़क के पश्चिमी तरफ 450 मीटर पटरी पर 22 लाख की लागत से इंटरलाकिंग कार्य हो रहा है। नगर पंचायत सुरियावा की ओर से राज्य वित्त आयोग के मद से यह इंटरलॉकिंग कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान कार्यदायी संस्था की लापरवाही से इंटरलॉकिंग का कार्य सही लेवल से नहीं किया गया है। इसी कारण सड़क और इंटरलॉकिंग के बीच पानी भर जा रहा है।
बाजार में कई दुकानों के सामने भी पानी भर जा रहा है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि निरीक्षण कर समस्या दूर कराई जाएगी। सड़क की पूर्वी पटरी पर इंटरलॉकिंग का कार्य दूसरे चरण में होगा। वर्तमान में पश्चिमी पटरी पर ही कार्य चल रहा है।