ज्ञानपुर/ऊंज। रामलीला और दुर्गापूजा शुरू होने में चंद दिन शेष है, लेकिन मंचन स्थल पर जाने वाले मार्गों के सुधार की कोई पहल नहीं हो रही है। इससे कलाकारों संग ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि सड़क के गड्ढों को भरने और नालियों का निर्माण कराकर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। रामलीला समिति नवधन के अध्यक्ष मनोज कुमार उपाध्याय ने बताया कि इन दिनों नवधन, कुरमैचा, बिछिया, बरईपुर, सुधवैं, सुभाषनगर आदि गांवों में परंपरागत रामलीला का मंचन शुरू है। मंचन को देखने के लिए दर्जनों गांवों से लोग पंडाल में पहुंचते हैं। नवधन-कुरमैचा, बनकट-बिछिया, सुभाषनगर-गोधना, वहिदानगर-सुधवैं आदि सड़कें आवागमन योग्य न होने से रामलीला प्रेमी पंडाल में पहुंचने से कतरा रहे हैं। शिवप्रकाश बिंद ने बताया कि रामलीला मंचन के बाद दशमी, भरतमिलाप, नाटक आदि जैसे धार्मिक कार्यक्रम अक्तूबर तक जारी रहेंगे। बावजूद इसके जिम्मेदार न सड़कों की स्थिति को सुधारने में सक्रियता दिखा रहे हैं न गांव की सरकार नाली निर्माण में आगे बढ़ रही है। रामलीला समिति के पदाधिकारी डीएम से मिलकर सड़क निर्माण कार्यदाई संस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाएंगे। इसी तरह औराई, सुरियावां, चौरी सहित अन्य क्षेत्रों में रामलीला मंच तक जाने वाली सड़कें टूट गई हैं। अधिशासी अभियंता लोकनिर्माण विभाग एसबी राव ने कहा कि बारिश के पूर्व ग्रामीण सड़कों में सुधार कराने के लिए निर्देश जारी किया गया है लेकिन तीन दिनों से बारिश का क्रम न रुकने से शिकायतें बढ़ रही हैं।