चौरी। थानाक्षेत्र के सिकंदरा गांव के पास बृहस्पतिवार को दोपहर में आटो चालक के साथ घर से भागी एक किशोरी को परिजनों ने पीछा कर पकड़ लिया। वाराणसी के मिर्जामुराद की रहने वाली किशोरी और परिजन चौरी थाने पर आए। इस दौरान बच्चा चोर गिरोह के पकड़े जाने की अफवाह होने की वजह से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस आटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसकी सूचना मिर्जामुराद पुलिस को भी दी गई।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी कपसेठी के शिवदासपुर गांव निवासी धर्मेंद्र गौतम नामक ऑटो चालक के साथ ऑटो में बैठ कर महराजगंज की तरफ जा रही थी । भनक लगते ही किशोरी के परिजन बाइक से ऑटो का पीछा करने लगे और इस बीच कई जगह उसे रोकने का प्रयास भी किया। सिकंदरा गाव के पास बाइक सवार परिजनों ने ओवरटेक करके ऑटो चालक को रुकने पर विवश कर दिया। किशोरी के पिता का कहना रहा कि ऑटो चालक हमारी लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जा रहा था जबकि ऑटो चालक का कहना था किशोरी मेरे आटो से महाराजगंज जा रही थी। एवज में हमें किराया देने की बात की थी । अभी यह हंगामा चल ही रहा था की बच्चा चोरी की अफवाह पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पुलिस आटो चालक और किशोरी को थाने लेकर आई । थाना इंचार्ज गिरजाशंकर यादव ने कहा कि छात्रा आटो पर महराजगंज के लिए बैठी थी, लेकिन बाद में चालक से आगे बढ़ने की लिए कहने लगी । मिर्जामुराद पुलिस भी थाने पर आ गई। उसके बाद दोनों को उन्हें सुपुर्द किया गया।