लखीमपुरखीरी के पसगवां ब्लॉक में समाजवादी पार्टी की ओर से घोषित ब्लाक प्रमुख पद की प्रत्याशी रितु सिंह के साथ हुई बदसलूकी के खिलाफ सोमवार को महिलाएं सड़क पर उतरीं। समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष सरिता बिंद और वरिष्ठ नेत्री बिंदु सरोज के नेतृत्व में महिलाओें ने औराई, दुर्गागंज, अभोली, पाली, सुरियावां, दानूपुर, मतेथू, सुभाषनगर का भ्रमण कर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बदसलूकी का मुंहतोड़ जवाब महिलाएं सड़क से सदन तक संघर्ष कर देंगी।
इस दौरान सपा नेत्रियों ने कहा कि जिला पंचायत से लेकर ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन करने वाली महिला प्रत्याशियों के प्रस्तावकों के साथ मारपीट, अपहरण कर प्रत्याशी की साड़ी सरेआम खींचना लोकतंत्र और संविधान की गरिमा को शर्मसार किया है। भाजपा विधायक और उनके समर्थकों को सबक सिखाना समय की मांग बन चुकी है। एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का राग अलापती है तो दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों को बढ़ावा देकर बीच रास्ते में अपने ही नियम-कानून का उल्लंघन कराया जाता है। आने वाले दिनों में समाजवादी विचारधारा की सरकार में सबकुछ बदला नजर आएगा। भ्रमण में महिलाओं का जनसमर्थन मिलने से नेत्रियों ने कहा कि शीघ्र ही संघर्ष की तिथि घोषित कर विरोध-प्रदर्शन को सफल बनाया जाएगा।