साढ़े तीन साल के लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को सहायक अध्यापक पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
सोमवार को जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पर नियुक्ति पत्र के लिए टीईटी अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी लेकिन कट आफ मेरिट तैयार न होने से अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा सका।
विभागीय अधिकारियों ने मंगलवार से नियुक्ति पत्र का वितरण कराने का आश्वासन दिया है। मेरिट में किसका नाम है, किसका नहीं, जानने के लिए सुबह से ही अभ्यर्थी डायट पर डटे रहे।
फोन से भी मेरिट जानने के लिए अभ्यर्थी उत्सुक दिखे। वर्ष 2011 में टीईटी पास अभ्यर्थियों के लिए प्रदेश में 72 हजार 825 सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती निकाली गई थी।
इसके तहत जिले को आठ सौ पद मिले हैं। पिछले दिनों लगातार छह दिनों तक चौथी काउंसिलिंग डायट पर हुई। सोमवार को सुबह 10 बजे से ही जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय पर टीईटी अभ्यर्थी पहुंचने लगे।
दोपहर होते-होते सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी पहुंच गए। कट आफ मेरिट तैयार न होने से सोमवार को विभागीय स्तर से नियुक्ति पत्र वितरित नहीं किया जा सका।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि चार काउंसिलिंग की मेरिट का मिलान पूर्ण न होने से कट आफ मेरिट नहीं बन सका। युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। मंगलवार से नियुक्ति पत्र का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।