जिला मुख्यालय पर कोटा निरस्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते सरायरुद्दी के ग्रामीण।
अभोली विकास खंड के सरायरूद्दी और औराई विकास खंड के भैसहटा गांव के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को कोटेदार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। डीएम को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि कई माह से कार्डधारकों को अनाज नहीं मिरहा है।
अभोली क्षेत्र के सरायरुद्दी के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोटे की दूकान पर अनाज लेने के लिए जब कार्डधारक जाते हैं तो अनाज नहीं होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया जाता है। पूर्व में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने दूकान की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में इंद्र बहादुर बिंद, पूनम, सरिता, अमरावती, सुमन, सविता, मनोज कुमार मौर्य, बड़ेलाल, सूर्यबली समेत कई लोग रहे। इसी तरह भैसहटा के ग्रामीणों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर कोटे की दूकान को निरस्त करने की मांग की। गत छह माह से अनाज, केरोसिन और चीनी के लिए ज्यादातर कार्डधारक परेशान रहते हैं। तहसील दिवस से लेकर जनता दर्शन में शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। डीएम से मांग किया कि दूकान की जांच कर उसे निरस्त किया जाए। प्रदर्शन करने वालों में गंगावती, रामधनी, मीना देवी, बिंदू, दीपचंद्र, गीता, ऊषा समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।