सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के इटहरा गांव में एक सप्ताह पहले लूडो खेलने के लिए मोबाइल मांगने पर एक किसान को गांव के ही तीन लोगों ने पीट दिया था। प्रयागराज के भीटी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार भोर में घायल की मौत हो गई। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए गांव के करीब 40 से ज्यादा लोग मंगलवार को दिन में थाने पहुंच गए। पुलिस ने भी माहौल को भांप तत्काल तहरीर लिया और दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार, एक सप्ताह पहले इटहरा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद पासी (64) के साथ कुछ लोग बैठे थे। उसी में से किसी एक व्यक्ति ने लूडो खेलने के लिए राजेंद्र से मोबाइल मांगा। मना करने पर मारपीट कर ली। इससे राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें परिवार के लोगों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। ग्रामीणों का रूख देख पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के दो व्यक्तियों ने मोबाइल को लेकर हुए विवाद में बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया था। राजेंद्र को चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। पत्नी मंती देवी का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी चित्रकूट पुरी ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।