मंडलायुक्त से समस्याएं बताते ग्रामीण
जनपद भ्रमण के तहत मंडलायुक्त रंजन कुमार ने शनिवार को औराई ब्लॉक के गोद लिए गांव उपरौठ में चौपाल लगाई। चौपाल में अभिलेख दुरुस्त न मिलने पर मंडलायुक्त ने एमओआईसी (प्रभारी चिकित्साधिकारी) को फटकार लगाई। प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित चौपाल में मंडलायुक्त ने सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने समस्याओं और शिकायतों की झड़ी लगा दी। कमिश्नर ने समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।
लाभार्थी प्रेमा देवी को पारवारिक लाभ योजना का लाभ न मिलने पर समाज कल्याण अधिकारी को कड़ी चेतावनी दी। मंडलायुक्त ने एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी, सीडीपीओ, एमओआईसी को कुपोषित, अति कुपोषित बच्चों की नियमित देखभाल, बेहतर पौष्टिक आहार देने और उनका नियमित वजन कराते रहने की हिदायत दी। अतिकुपोषित बच्चा विवेक पुत्र अच्छेलाल से उसके घर जाकर मुलाकात की।
आंगनबाड़ी, एएनएम, सुपरवाइजर, सीडीपीओ और एमओआईसी को निर्देश दिया कि सभी बच्चों के घर जाकर जांच करें और इसकी रिपोर्ट दें। इस मौके पर जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु, जिला विकास अधिकारी संत कुमार आदि मौजूद रहे।