विजयीपुर बिंद बस्ती में प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत संगठन
अभोली। ब्लॉक नागमलपुर गांव के विजयीपुर बिंद बस्ती में सड़क, पेयजल और बिजली की समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ और ‘लाइट नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाकर विस चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती में करीब 300 मीटर लंबी सड़क लगभग 50 वर्षों से जर्जर है। बरसात में सड़क कीचड़ और दलदल में बदल जाती है, जिससे करीब 300 लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बच्चों को स्कूल जाने और बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती है। गांव की बस्ती में एक भी हैंडपंप नहीं है। जल जीवन मिशन की पाइपलाइन से पानी मिलता है, लेकिन बिजली कटते ही आपूर्ति बंद हो जाती है। प्रदर्शनकारियों ने सांसद विनोद बिंद और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताई। चेताया कि विधानसभा चुनाव से पहले समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो चुनाव का लोकतांत्रिक तरीके से बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान निधीश पांडेय, अनुज पांडेय, सुनील बिंद, सचिन दुबे, अजय बिंद, मुनीब बिंद, शुभम आदि रहे।