राशन वितरण में अनियमितता बरत रहे कोटेदार के खिलाफ अभोली विकास खंड के सरायरूद्दी बवई गांव के लोगों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। आरोप लगाया कि कोटेदार वितरण में अनियमितता के साथ सामग्रियों का दाम भी अधिक लेता है। इसका विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती है।
जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव का कोटेदार दबंग किस्म का है। इसके चलते वह गांव के बीपीएल, अंत्योदय कार्डधारक पर रौब जमाकर वितरण में अनियमितता करना है।
चीनी और केरोसिन का कई माह तक वितरण नहीं किया। रविवार को दूकान पर सामग्री लेने गई जमुना देवी ने अधिक दाम लेने का विरोध किया तो उसे मारा पीटा गया, फिर घर आकर बेटे-बहू की भी पिटाई की। यही नहीं कोटेदार ने जानमाल की धमकी दी है।
प्रदर्शन में जमुना देवी, कन्हैयालाल मौर्य, चबूतरा देवी, रामकुमार, रामचंद्र बिंद, विश्वंभर, जोतनराम, राम सिंगार, उदय बहादुर, लालचंद, गजराज समेत काफी संख्या में लोग शामिल थे।