लालानगर। गोपीगंज के झिलिया पुल के पास नाला निर्माण में देरी को लेकर एनएचएआई के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन किया। अविलंब नाला निर्माण की मांग की गई। भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चिंटू सिंह बघेल के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
हाईवे पर सिक्सलेन निर्माण के चलते पूर्व में बना नाला टूट गया है। कालीन कंपनी ओबीटी की ओर से नाला छोटा कर देने से पानी निकासी भी नहीं हो पाता। दो माह पूर्व हुई बारिश से सरई मिश्रानी, लोहरा खास, पर्वतपुर समेत 25 से अधिक गांव की सैकड़ों एकड़ फसल डूबकर नष्ट हो गई। अब भी जलजमाव होने से रबी की बुवाई नहीं हो पा रही है। पानी निकासी के लिए एनएचएआई ने नाला निर्माण का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि अब उसके अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं। जिसको लेकर नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि वह एनएचआई और ओबीटी का चक्कर लगाकर थक गए हैं। प्रदर्शन में नागेश बिंद, सुनील सरोज, गया यादव, हृदय नारायण यादव, शेषधर बिंद, कमलेश सिंह, बुल्लू यादव, दिनेश यादव, लक्ष्मण बिंद, लल्लू मौर्या, ज्ञानचंद सरोज, कन्हैया लाल बिंद, नागेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।