ज्ञानपुर के रोही में नाला निर्माण के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। पानी निकासी की मांग को लेकर रोही गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। कहा कि दो दशक से जलजमाव से 500 बीघे में खेती नहीं हो पा रही है। जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों से मांग की गई, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हो सकी। जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि रोही समेत पांच गांवों में पानी निकासी की सुविधा नहीं है। इससे बारिश के सीजन में चार से पांच फीट तक पानी लग जाता है। इससे धान की फसल नष्ट हो जाती है जबकि पानी के कारण गेहूं की बुआई नहीं हो पाती। 250 से अधिक किसान खेत होने के बाद भी खेतीबारी नहीं कर पाते। इससे उनको काफी नुकसान उठाना पड़ता है। पूर्व में जनप्रतिनिधियों ने समस्या दूर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हो सकी। बारिश से पूर्व पानी निकासी की उचित व्यवस्था कर दी जाए तो किसान धान एवं गेहूं की खेती कर सकते हैं। प्रदर्शन करने वालों में विजय बहादुर, बंश बहादुर सिंह, दानपाल सिंह, संजय कुमार, अनिल कुमार, उमाकांत, सुरेश, रिंकू, दिनेश सिंह, लल्लन मिश्र आदि रहे।