गड्ढायुक्त सड़कों के खिलाफ शुक्रवार को ग्रामीणों ने सहायपुर-खेमापुर मार्ग पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कार्यदाई संस्थाओं पर मानकों से खिलवाड़ कर निर्माण कराने का आरोप लगाया। खस्ताहाल सड़क के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रमुख धार्मिक स्थल सीतामढ़ी मार्ग से प्रयागराज को जोड़ने वाले मार्ग जजर हो चुका है। कार्यदाई संस्थाओं पर आरोप लगाया कि लगभग 20 वर्ष पहले जिला पंचायत ने दोनों जनपदों को जोड़ने के लिए उक्त मार्ग का निर्माण कराया था। निर्माण के बाद से अब तक रखरखाव में बरती गई अनदेखी का परिणाम है कि मार्ग गड्ढों में बदल चुकी है। पैदल, साइकिल, बाइक, चार पहिया वाहनों से आवागमन करना मुश्किल बना रहता है। इसी तरह राजमार्ग गोपीगंज-दानूपुर मार्ग पर विरोध-प्रदर्शन करने वालों ने नाराजगी जताई कि गहरपुर, धनापुर, मदनपुर के अलावा कई अन्य गांवों को उक्त मार्ग जोड़ता है। गड्ढा, गड्ढे में बारिश और घरों से निकलने वाला गंदा पानी बारहों माह राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना रहता है। बार-बार हो चुकी शिकायतों के बाद भी लोक निर्माण विभाग की नींद नहीं टूट रही है। प्रदर्शनकारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्घ त्रिपाठी का ध्यान आकृष्ट कराकर सड़क दुरुस्तीकरण की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में डा. वीरेंद्र यादव, लालू यादव, अनुपम यादव, शेषमणि, हरिश्चंद्र, धर्मेंद्र, तनवीर अहमद, जैनम अंसारी, जावेद, कुलदीप मिश्र, आरिफ अंसारी, धर्मेद्र, विक्की सिंह, सादाब खान, गयासुद्दीन समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे।