ज्ञानपुर (भदोही)। कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर जिले के दो ग्राम प्रधानों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शुक्रवार को बात नहीं हो सकी। ब्लॉकों पर प्रधान सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक इंतजार करते रहे। दूसरे प्रांत के प्रधानों से वार्ता में समय अधिक लगने से मौका नहीं मिल सका। प्रधानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में वह पीएम से बात कर यहां की स्थिति के बारे में अवगत कराएंगे।
कोरोना वायरस महामारी से पूरा विश्व परेशान है। देश में कोरोना संक्रमण को समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ही आगे आकर पूरी निगरानी रख रहे हैं। प्रशासन के अफसरों से लेकर गांव के एक पंचायत प्रतिनिधि से पूरा फीडबैक ले रहे हैं। शुक्रवार को जिले के माधोरामपुर के ग्राम प्रधान सतीश चंद्र पाठक और महुआपुर की प्रधान प्रतिमा उपाध्याय से पीएम की बात होनी थी। इसके लिए दोनों प्रधान सुबह 10 बजे ब्लॉक मुख्यालय पहुंच गए। दोपहर 12 बजे तक दोनों प्रधान इंतजार करते रहे, लेकिन फोन नहीं आया, जिसको लेकर प्रधान काफी मायूस दिखे। हालांकि उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पीएम से उनकी बात होगी। महुआपुर की प्रधान प्रतिमा उपाध्याय ने कहा कि दूसरे प्रांतों के प्रधानों से बातचीत हुई, समय कम होने से उनका नंबर नहीं आ पाया।
अधिकारियों की ओर से कहा गया कि कुछ दिन बाद पीएम दोबारा प्रधानों से बात करेंगे तो शासन से पत्र भेजा जाएगा। सीडीओ विवेक त्रिपाठी ने कहा कि समयाभाव के चलते अपने जिले के ग्राम प्रधानों की बात प्रधानमंत्री से नहीं हो पाई।