गोपीगंज। ज्ञानपुर ब्लाॅक मुख्यालय पर मंगलवार को गहमागहमी के बीच उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लखनऊ के भदोही प्रतिनिधि का चुनाव सम्पन्न हुआ। देर शाम आए परिणाम में भाजपा समर्थित विजय बहादुर सिंह ने निर्दल प्रत्याशी अशोक कुमार बिंद को 34 मतों से हरा दिया। निर्वाचन अधिकारी ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र सौंपा।
उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लखनऊ के शाखा प्रतिनिधियों एवं प्रबंध कमेटी की मंगलवार की सुबह वोटिंग प्रक्रिया शुरू हुई। भदोही प्रतिनिधि के एक पद के लिए भाजपा प्रत्याशी विजय बहादुर सिंह व निर्दल प्रत्याशी अशोक कुमार बिंद आमने-सामने रहे। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कुल 399 मत पड़े। पांच बजे मतगणना शुरू हुई। दोनों प्रत्याशियों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। फाइनल राउंड की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी विजय बहादुर सिंह को 208 मत मिले। वहीं, उनके प्रतिद्वंदी अशोक बिंद 174 मत पाए। वहीं, 17 मत रद्द किए गए।
34 मत से विजय बहादुर निर्वाचित घोषित हुए। निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र दिया।