कोतवाल अश्वनी त्रिपाठी ने बताया कि ऊपरोठ निवासी 24 वर्षीय मटरू सरोज गांव के पास गेहूं के खेत के किनारे लगे 100 फीट ऊंचे ट्रांसमिशन टॉवर पर चढ़ गया और अपनी प्रेमिका से शादी कराने की लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
कहने लगा कि मेरे घर वाले उससे न मिलने का दबाव बना रहे हैं। वो नहीं चाहते कि मेरी उससे शादी हो। अगर उससे मेरी शादी नहीं हुई तो मैं यहां से कूदकर जान दे दूंगा। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अश्वनी त्रिपाठी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। उन्होंने माहौल को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया।
करीब एक घंटे तक उसको नीचे उतरने का गुहार लगाते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार ही नहीं था। उसके बाद लेडी कांस्टेबल ने प्रेमिका बनकर फोन करके स्पीकर पर बात की। आवाज सुनकर वह नीचे उतर गया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवक वाराणसी की युवती से एकतरफा प्रेम करता है। उसी से शादी की जिद कर रहा था। पुलिस ने समझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं दूसरी ओर मटरू के पिता मुकुंद सरोज ने बताया कि मेरे तीन बेटे हैं। बड़े बेटे की एक साल पहले शादी हो चुकी है। तीनों भाई कालीन की धुलाई का काम करते हैं।
छह माह पहले ताऊ के लड़के की शादी में आई एक रिश्तेदार से मटरू का संपर्क हुआ था, जो वाराणसी की रहने वाली है। मटरू और लड़की की बातचीत होने लगी थी। इस दौरान मटरू कई बार उसके घर भी गया था। बेटे की हरकतों से परिवार परेशान है। उसकी मानसिक स्थिति को लेकर झाड़-फूंक तक कराई गई।