भदोही रेलवे स्टेशन को चौथा रेलवे ट्रैक मिल गया है। संभव है कि स्टेशन पर नवनिर्मित चौथे ट्रैक पर शुक्रवार से ट्रेनों का आवागमन प्रारंभ हो जाए। इस बीच तीन दिन के ब्लाक के बाद गुरुवार से वाराणसी-जंघई रेल रूट पर ट्रेनों का आवागमन बहाल हो गया। भदोही स्टेशन पर ट्रेनों के संचालन के लिए नया पैनल रूम भी काम करने लगा है। इसे नगरी के विकास के रूप में देखा जा रहा है।
रेलवे स्टेशन पर पूर्व में केवल तीन ट्रैक थे। इन्हें अब बढ़ाकर चार कर दिया गया है। चौथे ट्रैक के साथ प्लेटफार्म संख्या दो लगा होगा जिस पर जंघई की ओर जाने वाली ट्रेनें रुकेंगी। वाराणसी की ओर जाने वाली ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर एक से गुजरेंगी। उधर 27 जून से लेकर 29 जून की रात तक रूट ब्लाक रहने के बाद दोहरे ट्रैक से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। हालांकि अभी इस पर केवल माल गाड़ियों का जलाया जा रहा है। पिछले तीन दिन तक नवनिर्मित ट्रैक की नान इंटरलाकिंग और उस पर ट्रेनों की सुरक्षा जांचने के बाद अधिकारियों ने ओके किया है।
स्टेशन को चौथा ट्रैक मिलने के बादल स्टेशन मास्टर को नया पैनल रूम भी मिल गया है। पुराना पैनल दो प्लेटफार्म और तीन ट्रैकों का था जिसे बदल कर दो प्लेटफार्म और चार ट्रैकों का कर दिया गया है। नए पैनल रूप से अब यहां से गुजरने वाली ट्रेनें अपने बाईं ट्रैक से गुजरेंगी। भदोही स्टेशन मास्टर आलोक कुमार ने बताया अभी प्लेटफार्म संख्या दो पर सवारी ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी नहीं मिली है। लेकिन संभव है पहली जुलाई को हरी झंडी मिल जाए और अप गाड़ियां दो नंबर प्लेटफार्म पर रोकी जाएं। इस बीच आज भोर में जाने वाली लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया जबकि वाराणसी - लखनऊ दैनिक पैसेंजर ट्रेन तीन घंटे विलंब से भदोही स्टेशन पहुंची। नए ट्रैक को लोग कालीन नगरी के लिए तोहफे के रूप में देख रहे हैं। लोगों का कहना है कि नई व्यवस्था से बंद रेलवे फाटकों पर थोड़ी राहत मिलेगी।