नगर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का रविवार को शुभारंभ हुआ। 4 से 9 अक्तूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आनंद वर्धन और विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने किया। उद्घाटन मैच में वाराणसी मंडल ने झांसी मंडल को 2-0 से हराया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों, स्पोर्ट्स कॉलेज और स्पोर्ट्स हॉस्टल की 340 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता में रविवार को कुल चार मैच हुए। पहले मैच में वाराणसी मंडल ने झांसी मंडल को 2-0 से शिकस्त दी। वाराणसी की ओर से सान्या और स्नेहा चौहान ने शानदार गोल दागे। वहीं दूसरे एकतरफा मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज मंडल को 8-0 से करारी मात दी।
तीसरे मैच में अयोध्या हॉस्टल की बालिकाओं ने आक्रामक खेल दिखाते हुए गोरखपुर मंडल को 6-0 से हराया। चौथे मैच में आजमगढ़ मंडल ने एकतरफा खेल दिखाते हुए बस्ती को 5-0 से पराजित किया।
उद्घाटन समारोह में जिला क्रीड़ाधिकारी डीपी सिंह ने अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए जनपद व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला ओलंपिक संघ के सचिव आनंद सिंह, संयुक्त सचिव अयूब अख्तर खान, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष ओमेंद्र सिंह, जिला फुटबॉल संघ के सचिव हाजी मुनव्वर अली, जिला फुटबॉल संघ के सचिव अध्यक्ष जमाल अर्पण, संजय कुमार सिंह, राजीव कुमार जायसवाल, अखिलेश खरवार, भूपेंद्र नाथ, रितेश दास, सोनिया कुमारी, रीमा यादव, मोईन अली आदि मौजूद रहे।