जिला कबड्डी एसोसिएशन की ओर से अभयनपुर मैदान में आयोजित दो दिवसीय 48वीं जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप पर वाराणसी की टीम ने जौनपुर को हराकर कब्जा कर लिया।प्रतियोगिता में प्रदेश की कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया।
रविवार को पहला सेमीफाइल जौनपुर-भदोही और दूसरा वाराणसी-प्रतापगढ़ के बीच खेला गया। जिसमें जौनपुर ने भदोही और वाराणसी ने प्रतापगढ़ को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच में भी वाराणसी और जौनपुर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। एक-एक पॉइंट के लिए खिलाड़ियों ने संघर्ष किया। अंतत: वाराणसी ने जौनपुर को 43-38 अंक से शिकस्त देकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।
वाराणसी की टीम का फाइनल तक पहुंचने का सफर आसान रहा।
टीम ने चंदौली को 48-19 के अंकों से हराया, अमेठी को 22-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में रायबरेली को 30-17 के अंकों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि सेमीफाइनल में प्रतापगढ़ को 26-22 के अंकों से हराकर फाइनल में पहुंची। वाराणसी टीम के कोच वीरेंद्र पाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताई।
मुख्य अतिथि भदोही के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल और जौनपुर के समाजसेवी मुकेश सिह ने संयुक्त रूप से विजेता टीम को ट्राफी देकर पुरस्कृत किया। दो दिवसीय टूर्नामेंट में प्रयागराज, प्रतापगढ़, भदोही, कौशांबी, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, हिंडाल्को, रायबरेली, सुल्तानपुर, वाराणसी, चंदौली, अमेठी सहित कुल 16 जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया था। कबड्डी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर सिंह, सचिव जय शंकर पांडेय के अलावा कमलेश पटेल, अंतेश मिश्रा, सुंदरम रघुवंशी, शिवम आदि रहे।