ज्ञानपुर। प्रेम के प्रतीक का पर्व वेलेंटाइन डे शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। धार्मिक एवं पर्यटन स्थली सीतामढ़ी दिन भर युवाओं, छात्र-छात्राओं और नवविवाहिता जोड़ो से गुलजार रही। सभी ने दर्शन-पूजन के साथ एक दूसरे के साथ बैठकर बातें की। करीबियों को तरह-तरह का उपहार देकर विश किया गया।
सीता समाहित स्थल सीतामढ़ी में शुक्रवार को सुबह नौ बजे से युवा वर्ग के लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ जो दोपहर बाद तक जारी रहा। जिले के अलावा प्रयागराज, मिर्जापुर, जौनपुर क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। माता सीता का दर्शन करने के बाद विशालयकाय हनुमान प्रतिमा, संग आसपास के आश्रमों में पहुंचकर सभी ने दर्शन-पूजन किया। प्रेमी युगलों ने एक दूसरे को कीमती गिफ्ट खरीदकर दिया और वेलेंटाइन डे को विश किया। इसी तरह कई ज्ञानपुर के हरिहरनाथ मंदिर, सेमराधनाथ धाम में भी बड़ी संख्या में नवविवाहिता जोड़ों ने जाकर दर्शन-पूजन किया। सीतामढ़ी में सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात रहे। मंदिर के आसपास और गंगा घाट के किनारे पुलिस चक्रमण करती रही। बताते चले कि वेलेंटाइन डे एक सप्ताह तक मनाया जाता है। जिसमें युवा जोड़े अलग-अलग तिथियों पर चाकलेट डे, प्रपोज डे आदि एक दूसरे से मिलकर मनाते हैं।