ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर भले ही थम गई है। लेकिन संभावित तीसरी लहर के भय से लोगों में टीकाकरण के प्रति उत्साह बढ़ा हुआ है। लेकिन आए दिन वैक्सीन की कमी से लोगों को मायूस होकर टीकाकरण केंद्रों से वापस भी लौटना पड़ रहा है। इस क्रम में शनिवार को कोरोनारोधी टीका लगाने का अभियान फेल रहा। दरअसल वैक्सीन खत्म होने की वजह से जिले भर के महज आठ केंद्रों पर ही लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जबकि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए रोजाना टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की भीड़ बढ़ रही है। शनिवार को आठ स्वास्थ्य केंद्रों पर 1000 लक्ष्य के तहत 1280 लोगों ने वैक्सीन लगवाया। इस दौरान 923 लोगों ने प्रथम डोज जबकि 357 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। इस संबंध में नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया है कि वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण केंद्र कम कर दिए गए हैं। बताया कि आठ बूथों पर 1280 लोगों को ही वैक्सीन लगाया है। पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन आ जाने के बाद टीकाकरण केंद्र बढ़ा दिया जाएगा।