ग्राम रड़ई के तालाब में युवक-युवती का शव मिलने के बाद वहां जुटे ग्रामीण
।कोतवाली क्षेत्र के रडई स्थित तालाब में बुधवार को युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव आपस में रस्सी से बंधे थे, लेकिन हाथ खुले थे। दोनों ममेरे भाई-बहन थे और सोमवार की रात से घर से गायब थे। पुलिस प्रेम प्रपंच में आत्महत्या का मामला मानकर छानबीन कर रही है।
दोनों शवों की शिनाख्त पास के गांव रयां के धीरज और कविता के रूप में हुई है। गांव वालों के अनुसार कविता का घर सुरियावां में है, लेकिन वह रयां में ननिहाल में रहती थी। सीओ भदोही परमेश्वर मिश्र के अनुसार घरवालों ने बताया कि सोमवार/मंगलवार की रात दोनों घर से लापता हो गए थे। तब से दोनों को ढूंढ़ा जा रहा था। इस बीच बुधवार को दिन में 10 बजे किसी ने तालाब में शव उतराया देखकर लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही भीड़ जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से दोपहर एक बजे शव बाहर निकलवाए। उधर, गांव वालों के अनुसार युवती का विवाह हो चुका था, लेकिन दोंगा नहीं आया था। दोंगे के लिए 20 नवंबर की तारीख तय थी, लेकिन उसके पहले ही यह घटना हो गई। सीओ ने कहा कि आनर किलिंग का मामला नहीं है। जो बातें सामने आई हैं, उससे मामला प्रेम प्रपंच का लगता है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।