नगर के पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र की मशीन में आई तकनीकी खराबी के चलते टिकट बुकिंग का काम दूसरे दिन भी ठप रहा। देर रात से टिकट के लिए लाइन में लगे लोगों को मायूस लौटना पड़ा। मंगलवार को टिकट के लिए बुकिंग काउंटर पर लाइन में लगे लोगों ने क्लर्क पर जानकारी न देने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की।
ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह आई तकनीकी खराबी के चलते आरक्षण केंद्र से टिकट बुकिंग का काम बंद हो गया था। गड़बड़ी ठीक न होने से आरक्षण का काम दूसरे दिन भी शुरू नही हुआ। दूर दराज से टिकट के लिए पहुंचे लोग कतार लगा कर खड़े हो गए। सुबह लाइन में लगे लोगों को मशीन की गड़बड़ी की जानकारी दी गई तो वे नाराज हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। आरोप लगाया कि गड़बड़ी की सूचना पहले मिल गई होती तो दूसरी जगह से टिकट लिया जा सकता थाl टिकट के लिए लाइन में लगे अंकुर कुमार मिश्र व अन्य ने बुकिंग क्लर्क पर लापरवाही और सूचना न देने का आरोप लगाया। आरक्षण इंचार्ज नरेश ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण टिकट बुकिंग प्रभावित है। विभागीय इंजीनियर उसे ठीक करने में लगे हुए हैं। जल्द ही समाधान कर लिया जाएगा।