जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से बैरिकेडिंग कर नामांकन की तैयारी पूरी कर ली गई। शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध हैं। डीएम आर्यका अखौरी और एडीएम शैलेंद्र मिश्र ने नामांकन स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों का निर्देश दिया कि नामांकन में किसी भी स्तर की गड़बड़ी न हो। एडीएम ने बताया कि नामांकन के लिए उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर को मजिस्ट्रेट बनाया गया है। कालीन नगरी में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी की सियासत तेज हो गई है। करीब एक सप्ताह तक नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। शनिवार को कलेक्ट्रेट के डीएम न्यायालय कक्ष में नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 बजे से प्रत्याशी नामांकन करेंगे। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर बैरियर लगाया गया है जबकि परिसर के अंदर बैरिकेडिंग की गई है। मुख्यालय के मुख्यद्वार पर सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किये गये हैं। नामांकन के समय प्रत्याशी संग प्रस्तावक ही अंदर जा सकेंगे। जिले 26 पंचायत सदस्यों वाली अध्यक्षी के लिए प्रत्याशी एड़ी चोटी एक किए हुए हैं। बहुमत के लिए 14 का आंकड़ा पाना बड़ी चुनौती है। पंचायत चुनाव में निर्दल सदस्यों की भूमिका अहम हो गई है।