गौरव गर्ल्स इंटर कालेज बरदहा में प्रायोगिक परीक्षा देती छात्राएं। संवाद
ज्ञानपुर। जिले में यूपी बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। पहले दिन 12 केंद्रों पर विज्ञान, भूगोल और गृह विज्ञान की परीक्षा कराई गई। नामित मजिस्ट्रेट और डीआईओएस ने दो-दो केंद्रों का भ्रमण करके व्यवस्था को देखा। नौ फरवरी तक सभी 97 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जानी है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मुख्य बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी। उसके पहले प्रायोगिक परीक्षा कराई जा रही है। जिले में इसके लिए 97 केंद्र बनाए गए हैं। गौरव गर्ल्स इंटर कॉलेज बरदहा में परीक्षक राकेश यादव की मौजूदगी में 148 छात्राओं की भौतिक विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षक ने विज्ञान से जुड़े कई सवाल भी छात्राओं से पूछे। जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज सहित 12 विद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षा कराई गई। नामित मजिस्ट्रेट अपर मुख्य अधिकारी अनिल त्यागी और डीआईओएस अंशुमान ने जिला पंचायत और वीएनजीआईसी का भ्रमण करके व्यवस्था को देखा। डीआईओएस ने बताया कि जीआईसी में बने कंट्रोल रूम से परीक्षा पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले दिन 12 केंद्रों पर परीक्षा हुई। नौ फरवरी तक सभी 97 केंद्रों पर विद्यालय प्रशासन परीक्षकों की देखरेख में परीक्षा कराएंगे।