काशीपुर के सभासद जाकिर हुसेन के आवास पर हुई बैठक में तय किया गया कि भारी पैमाने पर हुई अनियमितता की जांच के लिए आर पार की लड़ाई लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि मंडलायुक्त स्तर से शिकायतों की सही जांच नहीं हुई तो सीधे मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की जाएगी और घपला करने वालों को सजा दिला कर ही दम लिया जाएगा।
बैठक में जाकिर हुसैन ने कहा की हमारी लडाई किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं है। हमारी लडाई भष्ट्राचार से है। लाखों रुपये खर्च के बाद नगर पालिका को लोगों को स्वच्छ जल की व्यवस्था नहीं कर सकी है। लोग गंदा पानी पीकर बीमार हो रहे हैं।
सफाई पर लाखों रुपये खर्च के बाद भी मोहल्लों में गंदगी का अंबार लगा है जिससे सभासदों की छवि खराब हो रही है। रवींद्र मौर्य ने कहा की जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है।
इंटरलाकिंग मार्गों का निर्माण मानक विपरीत हुआ है। ऐसे सभी मार्गों की सूची मंडलायुक्त को उपलब्ध कराया जा चुका है। अनियमितता की जांच कराकर दोषियो को सजा दिलाकर ही दम लिया जाएगा।
उन्होंने सवाल किया की जो गलियां दो से छह महीने में भी उखड़ गईं उन्हें भी भ्रष्ट अधिकारी सही ठहराने का प्रयास कर रहे हैं। यह समझ से परे है। नामित सभासद हसनैन अंसारी ने कहा की सपा सरकार ने भदोही पर दिल खोल कर मेहरबानी की और करोड़ों रुपये दिए ताकि नगर का विकास हो लेकिन ऐसा नही हो सका है। कहा कि विकास कार्यों में अनियमितता कर बिचौलिये जनता के धन का बंदरबांट कर रहे हैं जिससे सपा सरकार की छवि धूमिल हो रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कहा गया कि यदि मण्डलायुक्त स्तर से निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो हम लोग शांत बैठने वाले नहीं हैं। अन्याय होने पर सभी सभासद लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। बैठक में हफिजुल्लाह शाह, दीपू विश्वकर्मा, शफीक राईन, अमजद सोमारू, जाकिरा बेगम, खुशबुननिशा के अलावा एडवोकेट महेन्द्र बिंद, गुलाम साबिर अंसारी मौजूद रहे।