गोपीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के माधोसिंह-रामबाग रेल खंड पर रविवार को सुबह ट्रेन से कट कर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव को शिनाख्त के लिए कब्जे में लिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि 30 वर्षीय युवक सुबह लगभग 7.30 बजे साइकिल से अलमऊ रेलवे हाल्ट पहुंचा। साइकिल को हाल्ट के पास खड़ी कर ट्रेन के सामने कूद पड़ा। ट्रेन के आगे बढ़ते ही अज्ञात युवक का क्षतविक्षत शव ट्रैक पर दिखाई पड़ा तो बड़ी संख्या में आस-पास के लोग पहुंच गए। दो घंटे बाद भी शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। गोपीगंज के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की जानकारी पर पंचनामा के बाद शव को शिनाख्त के लिए कब्जे में लिया गया है। शिनाख्त न होने पर 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।