गोपीगंज। थानाक्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की रात बच्चा चोर के शक में महिला को निर्वस्त्र करने के मामले में पुलिस अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज किया गया।
मानवता को शर्मशार करने वाली इस घटना से हर कोई आहत है। मंगलवार की रात एक अर्द्धविक्षिप्त महिला किसी के घर में घुस गई। बच्चा चोर के शक में ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। बुधवार को उक्त महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस महकमे में खलबली मच गई। वीडियो में एक बुजुर्ग उस महिला को बचाने का प्रयास करता दिखा लेकिन बड़ी संख्या में ग्रामीण उक्त महिला को खींचकर एक किनारे ले गए और उसके कपड़े आदि उतरवा दिए। उनका शक था कि महिला की जगह वह पुरुष है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को स्वत: संज्ञान में लिया। अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया, हालांकि पहले गोपीगंज पुलिस ने मामले में अनभिज्ञता जताई थी। उप निरीक्षक आरपी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई की। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बृहस्पतिवार को वीडियो जारी कर ग्रामीणों से अपील की कि अगर कोई संदिग्ध मिले तो पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि बच्चा चोरी होने का अफवाह फैलाने के नाम पर किसी निर्दोष का अपमान सामने आता है तो लोग सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। हालांकि अगर अफवाह में सच्चाई नजर आए तो 112 नंबर पर सूचना दें।