भदोही। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय ने कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) को नई दिल्ली के राजीव गांधी हस्तशिल्प भवन स्थित कार्यालय खाली करने को नोटिस जारी किया है। 15 दिसंबर को परिषद की अधिशासी निदेशक को जारी नोटिस में एक महीने का समय देते हुए 14 जनवरी तक किराया समेत बिजली बिलों का भुगतान कर परिसर को खाली करने को कहा गया है। यह भी कहा गया है कि ऐसा न करने पर मौजूदा दरों से दस गुना किराया वसूला जाएगा।
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय ने वर्ष 2018 में तीन वर्ष के लिए हस्तशिल्प भवन में सीईपीसी को किराए पर कार्यालय दिया था। केंद्रीय वस्त्र सचिव रचना शाह की अनुमति से जारी नोटिस में सहायक निदेशक विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) रवि कुमार गौड़ ने कहा है कि 18 मई 2021 को आपके कार्यालय का समझौता समाप्त हो चुका है। अब नोटिस की तिथि से एक महीने के अंदर समस्त बकाया किराया और बिजली बिल इत्यादि का भुगतान कर 14 जनवरी 2023 से पहले पहले खाली कर देंगे।
इस बाबत सीईपीसी के चेयरमैन उमर हमीद ने कहा कि हमने पूर्व में ही मंत्रालय से कार्यालय खाली करने के लिए 31 मार्च 2023 तक का समय मांगा था। साथ ही कार्यालय स्थानांतरण के लिए अन्यत्र कार्यालय भी ढूंढ रहे हैं, लेकिन उससे पहले ही दूसरी नोटिस आ गई। कहा कि नोटिस में 14 जनवरी 2023 तक का समय दिया गया है। उस समय हम लोग हनोवर (जर्मनी) में होने वाले डोमोटेक्स फेयर में हिस्सा ले रहे होंगे।