औराई। लाख कवायदों के बाद भी अल्ट्रासाउंड सेंटरों को लेकर मिल रही शिकायतें दूर नहीं हो रही हैं। बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी आकाश कुमार और एडिशनल सीएमओ जेसी सरोज ने औराई-घोसिया में अलग-अलग दो अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण किया। सेंटर पर पहुंचते ही संचालक में खलबली मच गई। खामियां मिलने पर एसडीएम ने संचालकों को फटकार लगाई। जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी।
घोसिया के एक क्लिनिक पर निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों को बिना डॉक्टर के ही अल्ट्रासाउंड होते मिला। इसे नियम विरूद्ध बताते हुए अधिकारियों ने संचालक को कड़ी हिदायत दी। इसके बाद औराई के एक निजी अस्पताल का भी निरीक्षण किया। जहां सब कुछ ठीकठाक मिला। एडीशनल सीएमओ जेसी सरोज ने बताया कि अल्ट्रासाउंड सेंटर के जांच की रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। शिकायत मिलने पर सेंटर का निरीक्षण किया गया है।