गंगा की तेज धारा में बह रहे वृद्ध की युवकों ने बचाई जान। संवाद
गोपीगंज। कोतवाली के इब्राहिमपुर गंगा घाट पर रविवार की सुबह स्नान के दौरान तेज धारा में बहकर गंगा के बीच पहुंचे 61 वर्षीय वृद्ध की दो स्थानीय युवकों ने जान बचाई। युवक साहस दिखाते हुए गंगा की बीच धारा में पहुंचकर डूब रहे वृद्ध को किनारे ले आए।
इब्राहिमपुर निवासी रामचन्द्र निषाद (61) ने बताया कि वे रविवार की सुबह गंगा में स्नान करने स्थानीय घाट पर गए थे। स्नान के दौरान अचानक गंगा की तेज धारा उन्हें अपने साथ बहा ले गई। देखते ही देखते वह बहते हुए काफी दूर गुलौरी घाट के सामने पहुंच गए और तेज धारा के बीच फंस गए। इसी दौरान गुलौरी निवासी अजित निषाद और अशोक निषाद की नजर उन पर पड़ी।
दोनों युवकों ने बिना समय गंवाए गंगा किनारे खड़ी छोटी नाव उठाई और उन्हें बचाने के लिए पहुंच गए। उधर, जान जोखिम में डालकर दोनों ने किसी तरह रामचन्द्र निषाद को नाव तक पहुंचाया और उन्हें सुरक्षित किनारे ले आए। रामचन्द्र ने बताया कि बाहर आने के बाद कुछ देर तक उनकी हालत खराब रही। हालत में सुधार होने पर उन्होंने दोनों युवकों का हाथ पकड़कर आभार जताया और उन्हें खूब आशीर्वाद दिया।
उधर, स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना वृद्ध के परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और रामचन्द्र निषाद को अपने साथ घर ले गए। वृद्ध को बचाने की जल्दबाजी में अजित निषाद मामूली रूप से घायल भी हो गए। इसके बावजूद उन्होंने और अशोक निषाद ने हिम्मत नहीं छोड़ी और वृद्ध को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।