औराई सीएचसी में रोते बिलखते दोनों युवक के पिता। संवाद
- फोटो : संवाद
औराई (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र के दत्तीपुर गांव के पास शनिवार शाम दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के मल्लूपुर गांव निवासी शेषधर बिंद का बेटा मुकेश (22) शनिवार को अपने बड़े भाई सुनील की पत्नी सरिता को लेने उसके मायके गिरिया भाला गांव निवासी पारस बिंद के घर जा रहा था। जैसे ही वह उगापुर से मानिकपुर जा रही सड़क पर दत्तीपुर गांव के सामने पहुंचा, उसी समय औराई से घर जा रहे भदोही कोतवाली क्षेत्र के पिपरिस गांव निवासी स्व. छविनाथ के बेटे रविंद्र सरोज (28) और उसी गांव के धर्मराज सरोज के बेटे नेपाली (28) की बाइक से सीधी टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर होने से तीनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस और पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रविंद्र सरोज और मुकेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि रविंद्र सरोज के साथ बाइक पर बैठे नेपाली को कम चोट आने की बात कही। उसका इलाज चल रहा है। सूचना पर औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे परिजन युवकों के शवों को देखकर बिलखने लगे। मुकेश के पिता शेषधर बिंद बेटे का शव देखकर बेहोश हो जा रहे थे। उनके परिजन उन्हें संभालने में लगे थे। यही आलम रविंद्र सरोज के भी परिवार का था। देर रात तक औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर परिजनों के बीच कोहराम मचा रहा। मौके पर पहुंचे औराई कोतवाल रामसरीख गौतम ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रक्षाबंधन के त्योहार पर सुबह से ही हाईवे से लेकर लिंक मार्गों और ग्रामीण क्षेत्रों में दो पहिया और चारपहिया वाहनों की भीड़ ज्यादा थी। लोग दिनभर छिटपुट दुर्घटनाओं में घायल होते रहे लेकिन देर शाम दो लोगों की मौत से रक्षाबंधन का त्योहार उन परिवारों के लिए काली शाम बन गई जो दो बाइकों की टक्कर में अपने परिवार को छोड़ गए।