सुबह मामले की खबर लगते ही सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने भदोही-सुरियावां मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। हालांकि कोतवाल ने डकैती की घटना से इंकार करते हुए इसे चोरी बताया।
मोढ़ बाजार निवासी अरुण दूबे की बाजार में ही किराना और कैलाश सेठ की आभूषण की दूकान है। प्रतिदिन की तरह दोनों व्यापारी शुक्रवार की रात दूकान बंद कर सोने चले गए। देर रात आए बदमाशों ने शटर तोड़ना शुरू किया तो सामने अपने बरामदे में सो रहे पिंटू तिवारी जाग गए। जब तक वह शोर मचाने का प्रयास करते बदमाशों ने उनके कपड़े फाड़कर मुंह ठूंस दिया और युवक को खाट में बांध दिया। युवक ने बताया कि बदमाश आठ की संख्या में थे। किराना व्यापारी अरुण दूबे के मुताबिक 45 हजार नकदी और 55 हजार से अधिक का सामान बदमाश ले गए। जबकि आभूषण व्यापारी कैलाश सेठ ने बताया कि 15 हजार नकद और 50 हजार के आभूषण दूकान से गायब हैं। शनिवार सुबह मामले की खबर लगी तो सैकड़ों की संख्या में ग्र्रामीण वहां जुट गए। पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए लोगों ने जाम लगा दिया। मामला बढ़ता देख मोढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज महेंद्र यादव ने तीन दिन के अंदर मामले का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। ग्राम प्रधान मोढ़ संतोष कुमार जायसवाल ने कहा कि एक महीने के अंदर मोढ़ बाजार में पांचवीं बार चोरी और लूट की घटना हुई है। पुलिस अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। उधर कोतवाल अजय श्रीवास्तव ने डकैती की घटना से इंकार किया। उन्होंने कहा कि वहां चोरी की घटना हुई है और इसकी छानबीन की जा रही है।