आरपीएफ की कस्टडी में ट्रेन पर पत्थरबाजी के आरोपी।स्रोत प्रशासन
गोपीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-रामबाग रूट पर शुक्रवार को अहिमनपुर हॉल्ट पर बनारस से प्रयागराज जा रही मेमू ट्रेन पर पत्थरबाजी करने के आरोप में रेलवे पुलिस ने शनिवार को दो नाबालिगों को पकड़ा और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रूट पर यह पहली घटना नहीं है। नौ अगस्त को ज्ञानपुर रोड स्टेशन के पूर्वी फाटक के पास शिवगंगा एक्सप्रेस पर भी अराजकतत्वों ने पत्थर फेंक दिया था। जिससे एसी कोच का शीशा टूट गया था। 28 अगस्त शुक्रवार को गाड़ी संख्या 65113 मेमू ट्रेन वाराणसी से प्रयागराज जा रही थी। शाम चार बजे वह अहिमनपुर हॉल्ट पर पहुंची। वहां से चलने के दौरान कुछ युवकों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी कर दी। इसकी भनक रेलवे पुलिस को नहीं लगी। वहीं खड़े एक यात्री ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई।
शनिवार को आरपीएफ प्रयागराज के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर यादव अपनी टीम और जीआरपी ज्ञानपुर रोड चौकी प्रभारी आनंद कुमार के साथ हॉल्ट के आसपास के गांव में छापा मारा। इस दौरान कृष्ण कुमार उर्फ कृष्णा यादव, अभिषेक प्रजापति, आदर्श कुमार प्रजापति, आदित्य गुप्ता और दो नाबालिग शामिल हैं। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ के बाद चार आरोपियों को जेल भेजा गया। उन्होंने बताया कि ट्रैक से सटे गांवों में आरपीएफ और जीआरपी द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ट्रेन पर पत्थरबाजी जैसी घटनाओं के गंभीर परिणामों के बारे में बताया जाता है। रेलवे पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं से दूर रहें और रेलवे संपत्ति तथा यात्रियों की सुरक्षा में सहयोग करें।