सूचना पाकर मृतकों के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया। हादसे के शिकार युवक इलाहाबाद और वाराणसी जिले के निवासी थे।
जंगीगंज/गोपीगंज संवाददाता के अनुसार हंडिया कोतवाली क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 धनापुर निवासी शिवशंकर यादव (36) कोइरौना थानाक्षेत्र के चंदापुर गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक हैं।
शनिवार को वह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। सरायजगदीश में जीटी रोड पर पीछे से जा रहे ट्रेलर की चपेट में आने से शिक्षक की मौत हो गई।
घटनास्थल पर जुटे आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। जानकारी पर हंडिया से परिवार वाले भी आ गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक के चाचा की तहरीर पर अज्ञात चालक और ट्रेलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मृतक ने चार दिन पूर्व विद्यालय में बतौर शिक्षक ज्वाइन किया था। उसे एक पुत्र और एक पुत्री है। वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा था।
सुभाषनगर/ऊंज संवाददाता के अनुसार शनिवार को तीन बजे भोर में ऊंज सीमा पर स्थित एक ढाबे के पास वाराणसी के पांडेयपुर क्षेत्र के अशोक नगर निवासी जसमीत सिंह (22) और पमपम सिंह (23) बाइक से इलाहाबाद से वाराणसी की ओर जा रहे थे। पीछे से जा रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी।
इससे बाइक चला रहे जसमीत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पमपम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची ऊंज थाने की पुलिस ने कंटेनर चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया।
घायल को अस्पताल भिजवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस से जानकारी पाकर वाराणसी से परिवार वाले भी पहुंच गए। बताया कि मृतक अपने परिवार का इकलौता था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। छह माह बाद बहन की शादी है। मां, बहन समेत परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।