जंगीगंज। कोइरौना थाना क्षेत्र के सेमराधनाथ मार्ग पर शुक्रवार को दोपहर बाद उस समय अफरातफरी मच गई, जब अनियंत्रित होकर कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी डीघ में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।
बताया जाता है कि कांगापुर-भीटी जनपद प्रयागराज निवासी अंतर जनपदीय धावक सुभाष भारती (26) अपने साथी मुकेश भारती (24) के साथ बाइक पर सवार होकर सेमराधनाथ दर्शन-पूजन करने जा रहे थे। वह जैसे ही नेवाजीपुर मोड़ से सेमराधनाथ मार्ग पर मुड़े, वैसे ही नशे में धुत कार चालक ने पीछे से टक्कर मारकर भाग निकला। हेलमेट न लगाने के कारण दोनों की काफी चोट लग जाने से वह लहूलुहान हो चुके थे। बीचबचाव करने पहुंचे लोगों ने एंबुलेंस और 112 नंबर पुलिस को सूचना देकर दोनों को अस्पताल भेजा। 112 नंबर पुलिस के काफी देर बाद पहुंचने से लोगों में नाराजगी छाई रही। एंबुलेंस की दशा जर्जर होने के कारण चालक भी चिंता में रहा।