चौरी क्षेत्र के ब्रह्माश्रम मंदिर के समीप भदोही-वाराणसी मार्ग पर बुधवार को डंपर की चपेट में आकर शिक्षक की मौत हो गई, जबकि मंगलवार की देर रात भदोही कोतवाली क्षेत्र के अभयनपुर में दो बाइकों की जबर्दस्त टक्कर में ढाबे से भोजन कर लौट रहे बाइक सवार की जान चली गई।
भदोही: रोटहां (चौरी) निवासी धमेंद्र मिश्र (26) पुत्र दीनानाथ दो अन्य लोगों बबलू तिवारी (22) और जितेंद्र दूबे (28) के साथ बाइक से भदोही में किसी ढाबे पर खाना खाने आए थे।
लगभग 11.30 बजे तीनों जब घर लौट रहे थे कि अभयपुर पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इससे असंतुलित होकर तीनों गिर पड़े। बताते हैं कि दुर्घटना में धर्मेंद्र को गंभीर चोट आई।
साथी दोनों युवक भी घायल अवस्था में काफी देर तक वहीं पड़े रहे। मदद की आस खत्म होने पर दोनों घायल किसी तरह रोटहां लौटे और घर वालों को सूचना दी, तब जाकर लोग घटनास्थल पर पहुंचे और धर्मेंद्र को पास के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अगर घायल धर्मेंद्र को फौरी तौर पर समुचित इलाज मिल गया होता तो उसकी जान बच सकती थी।
चौरी: मिर्जापुर जिले में चील्ह थानाक्षेत्र के मउरिया गांव का निवासी अरुण मिश्र (53) वाराणसी के किसी विद्यालय में शिक्षक थे। बताया गया कि वे बुधवार को बाइक से वाराणसी की तरफ जा रहे थे।
ब्रह्मश्रम मंदिर के पास भदोही-वाराणसी मार्ग पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। डंपर बाबतपुर-भदोही फोरलेन सड़क निर्माण कार्य में लगा बताया जा रहा है। दुर्घटना में बाइक सवार के सिर समेत शरीर में गंभीर चोटें आईं और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े। पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया गया। उधर, टक्कर मारने के बाद चालक डंपर छोड़कर पास के एक मकान में छिप गया।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर डंपर भी थाने उठा ले गई। पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के पास मिले कार्ड से पता चला कि 28 नवंबर को होने वाले पहले चरण के पंचायत चुनाव में उसकी ड्यूटी भी लगी थी।