ज्ञानपुर। जिले में दो बायो गैस प्लांट स्थापित होंगे। भदोही के पिपरिस के कान्हा गोशाला में बनने वाला प्लांट करीब 80 फीसदी तक तैयार हो चुका है जबकि बैदाखास में प्लांट लगाने की कवायद शुरू हो गई है। दोनों प्लांट से निकलने वाली गैस से आसपास के गांव रोशन होंगे। जिले में दो स्थाई और 21 अस्थाई गोशालाएं हैं जिसमें 5400 गोवंश रहते हैं। मवेशियों से हर रोज बड़ी मात्रा में गोबर निकलता है। कुछ किसान उक्त गोबर लेते हैं जबकि बड़ी मात्रा में गोबर वहीं डंप रह जाता है। बारिश के सीजन में गोबर बहकर खराब हो जाता है। गोशालाओं कीआय में बढ़ोत्तरी के लिए शासन के निर्देश पर जिले में गोबरधन योजना से दो गोशालाओं में बायो गैस प्लांट स्थापित करने की कवायद शुरू की गई। जिसमें भदोही नगर पालिका की ओर से कान्हा गोशाला में बायो गैस प्लांट लगाया जा रहा है। प्लांट का 80 फीसदी काम पूरा करा हो चुका है। नगर पालिका के ईओ जी लाल ने बताया कि प्लांट को अगले सप्ताह शुरूकर दिया जाएंगा। इसके लिए लखनऊ से टीम आएगी। करीब छह लाख की लागत से निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि गोशाला में गैस बनने से बिजली की बचत होगी, साथ ही देसी खाद भी तैयार कर संचालक और किसान स्वावलंबी बन सकता है। बताते चलें कि कान्हा गोशाला और वृहद गोसंरक्षण केंद्र पिपरीस में है। दोनों की दूरी 200 मीटर है। वृहद गो संरक्षण केंद्र का संचालन पशु विभाग और कान्हा गोशाला का संचालन नगर पालिका भदोही की ओर से किया जाता है। दोनों गोशालाओं से प्रतिदिन तीन क्विंटल गोबर निकलता है। अभी निकलने वाले गोबर को कंपोस्ट खाद के रूप में तैयार किया जाता है। पिपरिस के कान्हा गोशाला में बायो गैस प्लांट लगाया गया है। जो करीब-करीब तैयार हो चुका है। जल्द ही उसे शुरू किया जाएगा। - डॉ. जयसिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी पशुपालन