गोपीगंज पुलिस ने बैंक से धोखाधड़ी और जालसाजी करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गुजरात के सूरत और हरियाणा के गुरुग्राम से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। राजू सेठ गैंग के सक्रिय सदस्य काफी दिनों से पुलिस को चकमा दे रहे थे। यह गिरोह नकली आभूषणों को असली बताकर बैंक को नुकसान पहुंचाता था।
जिले की क्राइम ब्रांच ने मार्च 2025 में बैंकों से धोखाधड़ी करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद विवेचना में 21 सक्रिय सदस्यों की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी। अब तक गिरोह के सरगना राजू सेठ समेत 10 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि आरोपी मोहम्मद अरमान निवासी कटरा बाजार कोईरौना को गुजरात के सूरत और महिला को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है। दोनों बैंकों के साथ कूटरचना एवं धोखाधड़ी शामिल थे।