ज्ञानपुर। सदर तहसील क्षेत्र के डुहिया और गोधना गांव के हलका लेखपाल को अनियमितता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। तहसीलदार ने बताया कि डुहिया लेखपाल अनिल सरोज पर काश्तकारों के कागजी कार्रवाई में बार-बार दौड़ाने और खसरा, खतौनी बनाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप है, जबकि गोधना के लेखपाल राकेश सरोज पर तालाब की जमीनों पर कूटरचित ढंग से अवैध कब्जा कराने, बेदखली की रिपोर्ट तैयार न करने के कारण कार्रवाई की गई है।
सदर तहसील क्षेत्र के कसिदहां और गोधना गांव स्थित लगभग 25 तालाबों की पैमाइश राजस्व टीम ने शुरू करा दी है। एक-एक कर तालाबों की नापजोख कर सीमा निर्धारित की जा रही है। दोनों राजस्व गांव के दर्जनों तालाबों पर अवैध ढंग से अतिक्रमण का मामला काफी दिनों से तहसील प्रशासन के लिए चुनौती बना है। तहसीलदार ने राजस्व कर्मचारियों को तालाब रकबा और शिकायतों की फाइल क्रमवार तैयार कराकर निस्तारण का निर्देश दिया है। जानकारी देते हुए तहसीलदार देवेंद्र यादव ने बताया कि अब तक कसिदहां गांव में 17 तालाब और गोधना के पांच तालाबों की पैमाइश कराकर लगभग 150 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित किया गया है, जिनके खिलाफ शीघ्र ही बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। जबकि गोधना गांव में गत माह ही 38 लोगों पर बेदखली की कार्रवाई की जा चुकी है। दरवांसी, सुधवैं, रजमला, मैलौना, चंदापुर आदि गांवों की सूची पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।