सीतामढ़ी। सीतामढ़ी में रोके गए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी नेताओं के साथ सीतामढ़ी में ही सोनभद्र के उभ्भा कांड में मृत आदिवासियों को कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शाम करीब साढ़े छह बजे वह वापस चले गए। जिले की पुलिस ने उन्हें प्रयागराज की सीमा तक पहुंचाकर छोड़ दिया।
श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस के नामी-गिरामी हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें प्रमुख रूप से वाराणसी के पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, प्रयागराज गंगा पार के प्रभारी राजेश दूबे, विवेकानंद पाठक, राजन पंडा, सहित वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज आदि जनपदों से सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ महज तीन कार्यकर्ता थे, लेकिन शाम होते होते ही सीतामढ़ी मंदिर परिसर में कांग्रेसियों का जमावड़ा हो गया। उभ्भा कांड के मृतकों को कैंडल जला कर दो मिनट का मौन रखा गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उभ्भा जाने से तो रोक दिया, लेकिन उभ्भा के शहीदों को सीतामढ़ी में श्रद्धासुमन अर्पित किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवनारायण यादव, प्रदेश महासचिव मनोज यादव, प्रमोद पांडेय, सुरेश मिश्रा, श्रीधर मिश्रा आदि रहे।