लालानगर। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर लालानगर में संचालित टोल प्लाजा एक बार फिर अवैध वसूली को लेकर सुर्खियों में है। अबकी बार वाहन चालकों से एक तरफ की यात्रा पर दोनों ओर का शुल्क वसूलने को लेकर टोल प्लाजा चर्चा में आया है।
एक छोर से जाने वाले वाहन चालकों को एक ही बार में दोनों छोर के टैक्स की अदायगी करनी पड़ रही है, जिसको लेकर आए दिन विवाद बढ़ रहा है। इससे जाम भी लग रहा है। कानपुर, दिल्ली, हरियाणा, नोएडा, प्रयागराज से वाराणसी जा रहे ट्रक चालक मानविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, ताड़कनाथ दोहरे, कपिल झा, कांगड़ा डोंगरे ने आरोप लगाया कि वसूली कार्य में लगे कर्मचारियों से अधिक वसूली के बाबत सवाल किया जाता है तो उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की जाती है। यदि अप के साथ डाउन का भी टैक्स एक ही बार में लिया जा रहा है तो उसका नियम भी बताना चाहिए न कि उलझना चाहिए। स्टेयरिंग छोड़कर विवाद में फंसने के चलते प्लाजा पर लग रही वाहनों की लंबी कतार जाम का मुख्य कारण बन रहा है। धूप और गर्मी में घंटों खड़े रहने से परेशानी बढ़ गई है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अश्वनी राय ने कहा कि इस तरह के टोल की समस्या सभी नौ स्थानों पर चलने वाले टोलप्लाजा पर सामने आई है। 15 जनवरी 2020 की नई गाइडलाइन में केंद्र सरकार ने फास्टैग सुविधा को अनिवार्य कर दिया, लेकिन वाहन चालक और मालिक इसका लाभ लेने से कतरा रहे हैं। टोलप्लाजा पर फास्टैग लेन पर इस तरह की समस्या नहीं है। कैश लेन में यह व्यवस्था है कि अगर एक तरफ की भी यात्रा की जाएगी तो सीद दोनों तरफ की कटेगी। वाहनों पर फास्टैग न होने से चालकों को अधिक टैक्स वहन करना पड़ रहा है। यदि सभी छोटे-बड़े वाहन चालक फास्टैग सुविधा से जुड़ जाएं तो विवाद खत्म हो जाएगा। इससे इतर अगर कोई गड़बड़ी टोल प्लाजा पर की जा रही है तो जांच कराई जाएगी।
40 फीसद अधूरे निर्माण कार्यों से हादसों को दावत
लालानगर। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 के पूर्वी छोर पर लग रहा भीषण जाम और हादसों में बढ़ोतरी टोलप्लाजा पर अधर में लटके 40 फीसद निर्माण कार्य से हो रही है। एक सप्ताह से लगभग 5 से 10 किलोमीटर के दायरे में जाम की समस्या गहरा गई है। निर्माण में कार्यदायी संस्था की मनमानी कही जाए या फिर एनएचएआई की अदूरदर्शी नीति, अक्टूबर से जारी गोपीगंज नगर के ओवरब्रिज के कार्य की प्रगति काफी धीमी हो चुकी है।