नगर के कुंवरगंज में लगा ट्रांसफार्मर दो महीने में चौथी बार फूंकने पर मंगलवार को मोहल्ले के लोग नाराज हो गए। ठेकेदारों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए व्यापारियों और नागरिकों ने प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि रिपेयरिंग का ट्रांसफार्मर लगने से आए दिन जल जाता है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि अविलंब नया ट्रांसफार्मर नहीं लगा तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
व्यापारी कोको दूबे के नेतृत्व में मंगलवार को महेंद्र कटरा में दर्जनभर से अधिक नागरिक और आसपास के व्यापारी एकत्र हुए। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि दो माह में चौथी बार ट्रांसफार्मर जलने से नगर के एक हिस्से में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। ट्रांसफार्मर बदलने के लिए निविदा लेने वाले ठेकेदारों की मनमानी से लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि कुछ ठेकेदार पैसे बचाने के चक्कर में पुराने ट्रांसफार्मर को ही मरम्मत कर लगवा देते हैं, जिससे तीन से चार दिन में ही वह जल जाता है। व्यापारी महेशचंद्र उपाध्याय ने कहा कि सरकार ने रमजान माह में एक तरफ 16 से 18 घंटे आपूर्ति का निर्देश दिया है, लेकिन बिजली विभाग के लचर रवैये से 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। कुवरगंज में लगा ट्रांसफार्मर आए दिन खराब हो जाता है या फूंक जाता है। इससे लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में ताहिर, सुमित, बड़ेलाल, मकोई, अजय, अनुज, रामदास, अभय समेत कई लोग मौजूद रहे।